Sunday, 8 September 2013

कबाड़

बिन तारों का सितार हूँ मैं 
पिछवाड़े का असबाब हूँ मैं

भटक गया जो चकाचौंध में 
उस बेटे का बाप हूँ मैं 

पहली रात हुई जो सूनी 

उसी मांग का ख्वाब हूँ मैं

 सावन में भी ठूंठ रहा जो 

उसी दरख्त की डाल हूँ मैं

ग़ुम हुई जो लाल घरों में 
उस राधा का श्याम हूँ मैं 

मुझे खिला खुद भूखी सो गई 

ऐसी माँ का लाल हूँ मैं 

Saturday, 3 August 2013

ये कैदे  बामशक्कत जो तूने की अता है 
जो की नहीं खताएँ  ये उनकी ही सजा है 

ये मातमो के मंजर हर राह मे लगे है 
हैवान आदमी पर अब हावी हो चला है 

गमगीन सी है गलियाँ सड़के भी सूनी सूनी 
जिसको भी देखती हूँ लगता वो गमजदा है 

पाला किये जिसे वो अपना लहू बहा कर 
लख्ते जिगर वो सारे अब दे गए दगा है 

आँखों को ख्वाब कितने परसे थे जिंदगी ने
 शीशे सरीखे टूटे क्यों किसको ये पता है  

माना ख़ुशी मुक्कमिल मिलती नहीं जमीं पर 
थोड़ी सी जो मिली है लगती है ज्यूँ सजा है

कब तक छिपेगा सूरज इन गम के बादलो से
आने को है उजाले इतना मुझे पता है   

Sunday, 27 January 2013

 जीवन संध्या की दहलीज पर चाहे ना चाहे कम या ज्यादा हर किसी को शायद इन  अनुभवों से गुजरना ही पड़ता है पर फिर भी जिजीविषा कम क्यों हो राहते और भी हैं .......

मुबारक मुबारक  जनमदिन मुबारक
मुबारक मुबारक मुबारक मुबारक
न  बेटी की चाहत न बेटे की दस्तक 
न पोती को फुरसत न पोते की आहट 
मगर फिर भी तुमको जनमदिन मुबारक 

ये दिल ये ज़िगर जाँ सदा साथ तेरे 
येख्वाहिशें मेरी ये अरमान मेरे
ये साँसों की सरगम यही कह रही है 
मुबारक मुबारक जनमदिन मुबारक 

ये जूही ये गेंदा ये बूढ़ा सा बरगद 
ये चम्पा ये बेला ये रानी का दरखत
वो सबसे बड़ा बागवान कह रहा है 
यूँही महको महकाओ सारा ज़माना 
सदा फूल जैसे खिले तन बदन सब
मुबारक मुबारक _________-------------------------

ये दरिया की कलकल यही कह रही है
ये भूरे से काले से  बादल भी बोले 
भिगों दें तेरे सूने नीरस पलों को 
कि आँगन में तेरे हम बरसा दें सुख सब 
मुबारक--------------------

खिले चाँद की चांदनी कह रही है
अरुणिमा भी इंगित यही कर रही है 
व्यथा के अँधेरे न नज़दीक आयें
तुम जगमग रहो रश्मि ज्योति की बनकर 
मुबारक __________

हवा गा रही बन के मोहन की मुरली 
ये मोती जड़ित आसमां कह रहा है
कि खुशियों की झिलमिल मैं तुम पर लुटा दूँ 
रहो स्वस्थ सुंदर सदा मुस्कराते 
यूँ हीं खिलखिलाते बनाओ शतक तुम
मुबारक मुबारक -------------------------